Header Ads

71वां गणतंत्र दिवस आज, राजपथ पर राष्ट्रपति फहराएंगे तिरंगा, सुरक्षा का सख्त पहरा

नई दिल्ली। आज 71वां गणतंत्र दिवस है। देश भर में जोश के साथ गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। इस बार गणतंत्र दिवस पर ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर मेसियस बोल्सोनारो मुख्य अतिथि हैं। राजपथ सहित लुटियन दिल्ली में सुरक्षा का खास बंदोबस्त है। इस अवसर पर राजपथ पर रविवार को भारत की सैन्य और सांस्कृतिक ताकत का अनोखा नजारा देखने को मिलेगा।

साथ ही भारत की सांस्कृतिक विविधता, सामाजिक और आर्थिक प्रगति के साथ-साथ दुनिया में बढ़ती सैन्य ताकत का अनोखा नजारा देखने को मिलेगा। इस बार गणतंत्र दिवस के मौके पर देश के 16 राज्य, केंद्र शासित प्रदेश और 6 मंत्रालय परेड में हिस्सा लेंगे।

परेड के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए गए हैं। राजपथ पर दिल्ली पुलिस ड्रोन के जरिए नजर रखेगी। गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा के इंतजाम के लिए दिल्ली पुलिस और अन्य केंद्रीय सुरक्षा बलों की टीमें तैनात रहेंगी। देशभर के गणमान्य लोग इस परेड को देखने राजपथ पर आते हैं। ऐसे में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं।

दिल्ली के हर मेट्रो स्टेशनों और बस स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा निगरानी के लिए पैरामिलिट्री की 48 कंपनियां, दिल्ली पुलिस के 17,000 जवानों, 2700 सादे कपड़ों में पुलिस के जवान तैनात किए हैं। 10 सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं।

गणतंत्र दिवस का मुख्य आकर्षण सेना में शामिल किए गए चिनूक और अपाचे हेलीकॉप्टरों का भी जलवा दिखेगा। गणतंत्र दिवस की परेड में सुखोई और अत्याधुनिक विमानो का फ्लाई पास्ट भी देखने को मिलेगा। सशस्‍त्र सेनाओं, अर्द्धसैनिक बलों, दिल्‍ली पुलिस, एनसीसी की टुकडि़यों और सेना के 13 बैंड्स का मार्च भी आकर्षण का केंद्र रहने वाले हैं।

हर बार की तरह इस बार भी पराक्रमी महिलाओं की भी टुकड़ियां जलवा दिखाएंगी। सीआरपीएफ की डेयरडेविल्स टीम पहली बार राजपथ पर 26 जनवरी के मौके पर मोटरसाइकिल के जरिए अलग-अलग तरीके के करतब दिखाएगी। ?

पीएम नरेंद्र मोदी गणतंत्र दिवस पर पहली बार राष्ट्रीय युद्ध स्मारक ( नेशनल वॉर म्यूजियम ) जाएंगे। इस मौके पर पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टॉफ और सेना के तीनों अंगों के प्रमुख उनकी अगवानी करेंगे। इस बार गणतंत्र दिवस परेड के नए आकर्षण धनुष 145 एमएम 52 कैलिबर होवित्जर तोप रहेगी जिसे हाल ही में सेना में शामिल किया गया है। DRDO की ओर से एंटी सैटेलाइट वेपन सिस्टम का भी प्रदर्शन किया जाएगा।

गणतंत्र दिवस परेड के आयोजन के मद्देनजर आज नई दिल्ली के कुछ रास्तों पर यातायात बंद रहेगा। आज चार मेट्रो स्टेशन भी 26 जनवरी के दिन कुछ वक्त के लिए बंद रहेंगे। 26 जनवरी की सुबह 5 बजे से दोपहर के 12 बजे तक केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन, लोक कल्याण मार्ग, पटेल चौक मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को असुविधा से बचने के लिए इन मार्गों पर जाने से बचने की सलाह दी है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal
Read The Rest:patrika...

No comments

Powered by Blogger.