दिल्ली में आज मौसम का सबसे ठंडा दिन, 4.2 डिग्री तक गिरा तापमान

नई दिल्ली। उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का कहर शुक्रवार को भी जारी है। फिलहाल इससे राहत मिलने की भी उम्मीद नहीं है। दिल्ली में आज सुबह का न्यूनतम तापमान 4.2 दर्ज किया गया। इस मौसम का यह सबसे कम तापमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक इस बार 118 साल बाद सर्दी का नया रिकॉर्ड बन सकता है। दिसंबर में ऐसी सर्दी 1901 में हुई थी। मौसम विभाग के मुताबिक पारा अभी और गिरेगा।
बता दें कि दिल्ली में लगातार 14वें दिन कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। इससे पहले 1997 में ऐसा हुआ था। जब ऐसे लगातार 17 दिन कड़ाके की सर्दी पड़ी थी। भारतीय मौसम विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक दिसंबर में औसतन अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम 1919, 1929,1961 और 1997 में रहा है।
इस बार दिसंबर के आखिरी महीने में औसतन अधिकतम तापमान अब तक 19.85 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह दिसंबर 31 तक 19.15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो यह 1901 के बाद दूसरा सबसे सर्द दिसंबर होगा। दिसंबर, 1997 में औसत अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मैदानी इलाकों में ठंड इसलिए बढ़ रही है क्योंकि पहाड़ी इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है। कश्मीर में विश्व प्रसिद्ध डल लेक जम चुकी है। पहाड़ों से गिरने वाले झरने जम चुके हैं। हर तरफ का बर्फीला मंजर देखकर लगता है कि उत्तर भारत में जैसे हिमयुग आ चुका है।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस है जो 26 दिसंबर को 25 सालों की सबसे सर्द रात रही। आगरा में भी न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस है जो दो दशक का सबसे ठंडा दिन रहा। हरियाणा का करनाल सबसे ठंडा रहा। करनाल का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आज जम्मू कश्मीर, हिमाचल और उ्तराखंड में भारी बर्फबारी होगी। मतलब ठंड और बढ़ेगी, जबकि दिल्ली, हरियाणा, यूपी, बिहार के मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal
Read The Rest:patrika...
Post a Comment