World Cup : यह है विश्व कप के वे खास रिकॉर्ड, जिन पर है भारत का कब्जा

नई दिल्ली : मई के अंत में क्रिकेट का महाकुंभ विश्व कप खेला जाएगा। इस विश्व कप में खेलने का सपना दुनिया के हर खिलाड़ी का होता है। लेकिन अगर किसी खिलाड़ी का नाम विश्व कप के रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो जाता है तो वह उसके जीवन का सबसे बड़ा क्षण होता है। ऐसे ही कुछ खास रिकॉर्ड हैं, जिन पर सिर्फ भारत और भारतीय खिलाड़ी का राज है। आइए नजर डालते हैं उन खास कीर्तिमानों पर-

सबसे पहली हैट्रिक
1975 से खेले जा रहे विश्व कप में पहले तीन विश्व कप में किसी गेंदबाज ने हैट्रिक नहीं ली थी। पहली बार हैट्रिक लेने का श्रेय किसी गेंदबाज को चौथे विश्व कप (1987) में मिला। हालांकि इसके बाद अब तक 11 बार हैट्रिक लिए जा चुके हैं, लेकिन पहले हैट्रिक का श्रेय एक भारतीय गेंदबाज के नाम है। वह थे भारत के तेज गेंदबाज चेतन शर्मा। यह हैट्रिक उन्होंने 1987 में विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ नागपुर में लिया था। उन्होंने विश्व कप में पहली बार लगातार तीन गेंद पर तीन बल्लेबाज केन रदरफोर्ड, इयान स्मिथ और इवान चैटफील्ड को आउट कर लिया था। इस हैट्रिक की खास बात यह थी कि चेतन शर्मा ने तीनों बल्लेबाजों को बोल्ड मारा था।

पढ़ें : शाहिद आफरीदी का नया खुलासा, सचिन के बल्ले से जड़ा था सबसे तेज शतक

विश्व कप इतिहास में पहली बार 300 रन की साझेदारी

विश्व कप इतिहास में पहली बार 300 रनों से ज्यादा की साझेदारी का रिकॉर्ड भी भारतीय जोड़ी के नाम है। 1999 विश्व कप में भारतीय खिलाड़ी सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ ने श्रीलंका के खिलाफ इंग्लैंड के टाउंटन में खेलते हुए दूसरे विकेट के लिए 318 रन की साझेदारी की थी।

सबसे अधिक व्यक्तिगत रन

विश्व कप में सबसे अधिक व्यक्तिगत रन बनाने का रिकॉर्ड भी एक भारतीय खिलाड़ी के नाम है। वह भारतीय खिलाड़ी हैं क्रिकेट के भगवान की उपाधि पा चुके सचिन तेंदुलकर। इन्होंने विश्व कप की 44 पारियों में 2278 रन बनाए हैं। इतना ही नहीं, सचिन के अलावा और कोई दूसरा बल्लेबाज विश्व कप इतिहास में 2,000 रन भी नहीं बना सका है। सचिन ने यह कारनामा 1992 में से लेकर 2011 के बीच किया है।

एक विश्व कप में सबसे अधिक रन बनाने वाला बल्लेबाज

अगर विश्व कप इतिहास की बात की जाए तो एक विश्व कप टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने के विश्व रिकॉर्ड पर भी एक भारतीय का रिकॉर्ड है। यह नाम भी विश्व के महानतम भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने 2003 विश्व कप में 673 रन बनाए थे। अभी तक कोई भी बल्लेबाज किसी भी एक विश्व कप में इतने अधिक रन नहीं बना पाया है। हां, 2007 विश्व कप उनके रिकॉर्ड के करीब आस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के पूर्व ओपनर बल्लेबाज मैथ्यू हेडन जरूर पहुंचे थे, लेकिन वह सचिन के रिकॉर्ड से 14 रन पीछे रह गए थे। वह इस टूर्नामेंट में 659 रन तक ही पहुंच पाए थे।

पढ़ें : हितों के टकराव मामले में सचिन तेंदुलकर ने बीसीसीआई को बताया जिम्मेदार

सबसे अधिक विश्व कप खेलने वाला खिलाड़ी

विश्व कप 1975 से खेला जा रहा है। इस टूर्नामेंट के पहले विश्व कप में पाकिस्तान के जावेद मियांदाद ने शिरकत की थी और लगातार पहले छह विश्व कप (1975 से 1996 विश्व कप तक) वह खेले थे। इस तरह उन्होंने सबसे अधिक छह विश्व कप में खेलने का रिकॉर्ड बनाया था। इसके बाद यह रिकॉर्ड 2011 तक बना रहा। 2011 विश्व कप में सचिन तेंदुलकर ने इस रिकॉर्ड की बराबरी की। सचिन तेंदुलकर ने अपना पहला विश्व कप 1992 में खेला और अंतिम विश्व कप 2011 में खेला। इस तरह उन्होंने भी लगातार छह विश्व कप खेलकर इस रिकॉर्ड की बराबरी की और इस दरमियान एक विश्व खिताब भी अपने नाम किया।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal
Read The Rest:patrika...

No comments

Powered by Blogger.