वर्ल्ड कप के आगाज से पहले धोनी का विस्फोटक अवतार, 2 साल के बाद बल्ले से निकला शतक

कार्डिफ। ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप के आगाज से पहले टीम इंडिया के लिए बहुत बड़ी खुशखबरी ये है कि टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी शानदार फॉर्म में लौट आए हैं। धोनी का वहीं पुराना अंदाज फैंस को देखने को मिल गया है, जिसके लिए उन्हें जाना जाता है। मंगलवार को बांग्लादेश के खिलाफ प्रैक्टिस मैच में धोनी ने विस्फोटक पारी खेलते हुए शतक जड़ दिया। धोनी और केएल राहुल के शतक की बदौलत टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 95 रन से हरा दिया।

2 साल के बाद धोनी के बल्ले से आया शतक

इस बार के विश्व कप में धोनी पर सभी की निगाहें हैं, क्योंकि माना जा रहा है कि ये धोनी का आखिरी विश्व कप हो सकता है। कई दिग्गज क्रिकेटर भी ये कह चुके हैं कि भारतीय टीम को अगर विश्व कप जीतना है तो धोनी का प्रदर्शन सबसे ज्यादा अहम होगा। इन्हीं उम्मीदों पर माही एकबार फिर खरे उतरे हैं, जिसका नतीजा है कि पूरे 2 साल के बाद धोनी के बल्ले से शतक निकला है। माही ने इससे पहले आखिरी शतक जनवरी 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ जड़ा था। उस मैच में धोनी ने 122 गेंदों पर 134 रन बनाए थे।

अपने आखिरी वनडे शतक से कुछ महीने पहले छोड़ी थी कप्तानी

आपको बता दें कि 19 जनवरी 2017 को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में एमएस धोनी ने करियर का 10वां शतक जड़ा था। उसके बाद से ही धोनी के बल्ले से कोई शतक नहीं निकला। उस शतक की एक खास बात और थी कि उस मैच से कुछ ही महीनों पहले धोनी ने वनडे की कप्तानी छोड़ी थी। वहीं कल बांग्लादेश के खिलाफ मारा गया शतक उनके अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड में शामिल नहीं होगा, लेकिन इस शतक के जरिए धोनी ने ये संकेत दे दिए हैं कि वो वर्ल्ड कप में इस बार धमाल मचाने वाले हैं।

प्रैक्टिस मैच में जड़ा तूफानी शतक

बांग्लादेश के खिलाफ धोनी ने 113 रन की पारी खेली, जिसके लिए उन्होंने सिर्फ 78 गेंदे खेली। धोनी ने अपनी इस पारी में 8 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के मारे। धोनी के अलावा केएल राहुल ने भी 99 गेंदों में 108 रन की पारी खेली।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal
Read The Rest:patrika...

No comments

Powered by Blogger.